करनाल, 29 सितंबर:- जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी एवं सप्लाई पर अंकुश लगाते हुए सीआईए-3 करनाल की टीम ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्की निवासी कर्ण विहार करनाल, श्रवण ठाकुर तथा जागेश्वर उर्फ जग्गू लोधी, निवासी गांव बटिया, तहसील पटेरा, जिला दमोह, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से अब तक 01 देसी कट्टा, 07 अवैध देसी पिस्टल, 20 जिंदा रौंद तथा 01 मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है।

मामले में पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि दिनांक 15 सितंबर 2026 को सीआईए-3 प्रभारी निरीक्षक अजेय सागवान के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर खास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास उर्फ विक्की को काछवा नहर पुल, करनाल के पास से काबू किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 01 देसी कट्टा, 01 देसी पिस्टल, 03 जिंदा रौंद तथा 01 मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस संबंध में थाना सदर करनाल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिसको माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया था। दौराने रिमांड जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी विकास उर्फ विक्की के खिलाफ कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट एवं POCSO एक्ट से संबंधित मामले भी शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी विकास उर्फ विक्की को अवैध हथियार उपलब्ध करवाने वाले मुख्य सप्लायर श्रवण ठाकुर पुत्र लखन सिंह, निवासी गांव बटिया, तहसील पटेरा, जिला दमोह, मध्य प्रदेश के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

मामले में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए श्रवण ठाकुर तथा जागेश्वर उर्फ जग्गू लोधी को दिनांक 25 सितंबर 2026 को गांव बटिया, थाना हटा, जिला दमोह, मध्य प्रदेश से नियमानुसार गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों को दिनांक 26 सितंबर 2026 को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही एवं पूछताछ के आधार पर 06 अवैध देसी पिस्टल तथा 17 जिंदा रौंद बरामद किए गए।

इस प्रकार मामले में अब तक कुल 08 अवैध हथियार, जिनमें 01 देसी कट्टा एवं 07 अवैध देसी पिस्टल, 20 जिंदा रौंद तथा 01 मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है।

एसपी करनाल श्री करन गोयल ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान हथियारों की व्यवस्था एवं फंडिंग से संबंधित कुछ विदेशी मोबाइल नंबरों तथा संदिग्ध लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस द्वारा इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त तथा इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन से व्यक्ति जुड़े हुए हैं। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के किसी संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना को लेकर भी जांच की जा रही है।

करनाल पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी, सप्लाई एवं इनके माध्यम से अपराध को बढ़ावा देने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।