करनाल,12 दिसंबर: जिला पुलिस की एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने टीम इंचार्ज निरीक्षक इंद्र सिंह के नेतृत्व में दुपहिया वाहन चोरी के पाँच मामलों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल पाँच चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं। पहले तीन मामलों की जांच एएसआई कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में थाना घरौंडा व थाना तरावड़ी में की जा रही थी। 
जिनमें गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-16 दशहरा ग्राउंड करनाल से आरोपी रिकी पुत्र गुलाब सिंह निवासी गांव सैदपुर को काबू कर उसके कब्जे से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कीं। वहीं बाकी दो मामलों की जांच उप निरीक्षक राकेश कुमार द्वारा थाना सेक्टर 32/33 और थाना शहर करनाल में की जा रही थी।
जिनमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिमरन पुत्र गुलजार सिंह तथा विक्रम सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी गुरुनानकपुरा पिंगली चौक करनाल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा बरामद की। सभी पाँचों मामलों में कार्रवाई पूरी करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया है।