हिसार:– उच्च न्यायालय कलकता के न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा बुधवार को परिवार सहित अपनी जन्मस्थली हांसी पहुंचे। उनके आगमन पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा एवं फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। शहरवासियों में उनके आगमन को लेकर उत्साह एवं गर्व का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा तथा विधायक विनोद भयाना ने बड़सी गेट के निकट स्थित प्राचीन भगवान विष्णु मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हवन-यज्ञ में पूर्ण आहुति अर्पित की। इस दौरान मंदिर भवन का विधिवत रूप से उद्घाटन किया। इस भवन के जीर्णोद्धार कार्य पर लगभग 2 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई है। मंदिर अब आधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक सौंदर्य का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
माननीय न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि हांसी मेरी जन्मभूमि ही नहीं, मेरी पहचान भी है। इस धरा से मुझे संस्कार और प्रेरणा मिली है। आज इस पवित्र मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मुझे अत्यंत गर्व और आनंद की अनुभूति हो रही है।
 हमारा दायित्व है कि हम अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का संरक्षण करें और समाज के हित में निरंतर सकारात्मक कार्य करते रहें।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हांसी की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को संरक्षित करना हम सबका सामूहिक प्रयास है। भगवान विष्णु मंदिर का जीर्णोद्धार इस क्षेत्र की आस्था और गौरव का प्रतीक है।
 इस कार्यक्रम में न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा जैसे गौरवशाली व्यक्तित्व का आगमन पूरे शहर के लिए सम्मान की बात है। हम सबके लिए गर्व की बात है कि न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा हांसी के ही है। वह अक्सर यहां आते रहते हैं।उन्होंने अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। नगर में इस अवसर पर श्रद्धा व उत्साह का विशेष वातावरण रहा। 
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी,भगवान विष्णु मंदिर ट्रस्ट के प्रधान रमेश गुप्ता, सचिव प्रवीण बंसल, पंडित रतनलाल शर्मा, सच्चिदानंद शर्मा, राजकुमार, स्वामी लोकेश्वरानंद महाराज, विपिन शर्मा, राधेश्याम रतेरिया, घनश्याम गर्ग , डॉ सुनील शर्मा,धर्मवीर रतेरिया, मनजीत जांगड़ा,तनुज खुराना, ओमपाल यादव,नवीन कौशिक, गोल्डी सैनी, सौरभ कथूरिया तथा अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।