जालंधर:- देश में सरकारी तथा गैर-सरकारी पक्षों का मीडिया पर दबाव बेहद चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। इससे एक ओर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सिकुड़ती जा रही है, वहीं मीडिया को स्वतंत्र व निष्पक्ष ढंग से अपनी भूमिका निभाने में भी भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
मीडिया संस्थानों और मीडिया कर्मियों को इन चुनौतियों का सामूहिक रूप से मुकाबला करना होगा, तभी मीडिया निष्पक्ष पत्रकारिता की अपनी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचा सकेगा और देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी बेहतर भूमिका निभा सकेगा। मीडिया के अपने काम-काज में आए निखार की कमी भी चिंता का विषय है।
मीडिया को समग्र रूप से अपनी अच्छी साख और अच्छी छवि बनाए रखनी चाहिए। हर प्रकार के सामाजिक शोषण से दूर रहना चाहिए। इसी से देश की जनता का उस पर विश्वास कायम रह सकेगा।
ये विचार आज यहां पंजाब प्रैस क्लब के वार्षिक समारोह में डेलीगेटों को संबोधित करते हुए विभिन्न पत्रकारों ने व्यक्त किए। सभा को संबोधित करने वालों में वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप सिंह बेदी, सुरिंदरपाल, पृथीपाल सिंह माड़ीमेघा, गुरमीत सिंह, सुनील रुद्रा, बिट्टू ओबरॉय, राकेश शांतिदूत, गीता वर्मा, जतिंदर शर्मा, महावीर सेठ, जसवीर सिंह संधू, दविंदर कुमार, परमजीत रंगपुरी, जसबीर सोढ़ी, पुष्पिंदर कौर तथा सन्नी सहोता आदि शामिल थे।
इससे पहले पंजाब प्रैस क्लब के अध्यक्ष श्री सतनाम सिंह मानक ने क्लब के कार्य-कलाप संबंधी रिपोर्ट पेश की जिसमें उन्होंने गवर्निंग काउंसिल द्वारा पिछले तीन साल के कार्यकाल में प्रैस क्लब भवन के करवाए गए नवीनीकरण का विस्तृत ब्यौरा दिया तथा देश व पंजाब के सामने मौजूद ज्वलंत मुद्दों और खासकर मीडिया के सामने मौजूद चुनौतियों पर करवाए गए सेमिनारों तथा क्लब परिसर में करवाई गई अन्य शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी।
डेलीगेटों ने जहां गवर्निंग काउंसिल द्वारा करवाए गए अच्छे कार्यों की जोरदार सराहना की, वहीं बची हुई कमियों-कमजोरियों की ओर भी ध्यान दिलाया गया। कुल मिलाकर रिपोर्ट को डेलीगेटों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। स्टेज सचिव की जिम्मेदारी जनाब मेहर मलिक ने निभाई तथा अंत में सभी का धन्यवाद सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजेश थापा ने किया।
इस समारोह के प्रेसीडियम में अध्यक्ष सतनाम सिंह मानक के अलावा सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजेश थापा, वाइस प्रेसिडेंट्स मंदीप शर्मा, तजिंदर कौर थिंद व पंकज राय, जॉइंट सेक्रेटरी राकेश सूरी, सेक्रेटरी मेहर मलिक तथा कोषाध्यक्ष शिव शर्मा शामिल थे।
यहां उल्लेखनीय है कि 2022 में चुनी गई पंजाब प्रैस क्लब की उपरोक्त गवर्निंग काउंसिल ने अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है और आज इसका अंतिम दिन था। प्रैस क्लब की नई चुनाव करवाने के लिए डॉ. लखविंदर सिंह जौहल, डॉ. कमलेश दुग्गल तथा स. कुलदीप सिंह बेदी पर आधारित एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो आने वाले दिनों में प्रैस क्लब की नई चुनाव प्रक्रिया शुरू करेगी।
मीडिया पर बढ़ रहा सरकारी व गैरसरकारी दबाव पंजाब प्रैस क्लब के वार्षिक अधिवेशन में पत्रकारों ने जताई चिंता
