हरियाणा/फतेहाबाद:- भारतीय पत्रकार कल्याण मंच (रजि.) के तत्वावधान में टोहाना रेलवे रोड स्थित एएम सूट (संतोषी माता मंदिर के निकट) में राष्ट्रीय पत्रकारिता स्मृति अवार्ड समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय पत्रकार कल्याण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री (राष्ट्रपति अवॉर्डी) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा तथा नगर परिषद टोहाना के चेयरमैन नरेश बंसल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील बंसल, सचिन भाटिया, विजेन्द्र बंसल, राज पंसारी, रमेश मैहता, डा. शिव सचदेवा, सुरेन्द्र किनड़ा व अनिल गोयल ने शिरकत की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जसवीर सिंह दुग्गल, राष्ट्रीय महासचिव सतनाम सिंह व कुरुक्षेत्र से अजय ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। 
 कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत मंच पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का फूलमालाएं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। समारोह में पत्रकारिता, सामाजिक सेवा एवं जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों एवं समाजसेवियों को राष्ट्रीय पत्रकारिता स्मृति अवार्ड से सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन आश्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकार कल्याण मंच पत्रकारों के हितों की रक्षा, सम्मान तथा सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने वर्ष 1986 में चौधरी देवीलाल एवं डॉ. मंगलसेन के नेतृत्व में चले आंदोलन का उल्लेख करते हुए पत्रकारों के हित में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल, ओमप्रकाश चौटाला, मास्टर हुक्म सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा मनोहर लाल सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। आयोजक वरिष्ठ पत्रकार धर्मवीर बंसल, डॉ सदानंद, सतभूषण गोयल, शंकर वधवा, पवन बंसल, महावीर गर्ग, कर्मवीर बंसल, पियूष बंसल, संजीव सिंगला, अमित मेहता व संजीव गर्ग ने आए हुए अतिथिगणों व पत्रकार बंधुओं का स्वागत किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन विकास बताना और संजीव गर्ग ने किया। 
 कार्यक्रम में पवन आश्री ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि वर्तमान समय में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग (डीआईपीआर) की कार्यप्रणाली के कारण पत्रकारों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मान्यता प्राप्त पत्रकारों की मान्यता रद्द किए जाने, पत्रकार मान्यता समिति का गठन लंबे समय से लंबित रहने, पत्रकार पेंशन संबंधी फाइलों में देरी, पात्र पत्रकारों को सरकारी आवास नहीं मिलने तथा छोटे, मध्यम एवं अनेक राष्ट्रीय समाचार पत्रों के विज्ञापन रोके जाने सहित अन्य समस्याओं का उल्लेख करते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
 मुख्य अतिथि रामपाल माजरा ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि समाजहित में कार्य करने वाले पत्रकार सदैव सम्मान के पात्र हैं। माजरा ने मंच द्वारा उठाई गई पत्रकारों की विभिन्न मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि हरियाणा में इनेलो की सरकार बनती है तो पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पत्रकार पेंशन की आयु सीमा 55 वर्ष करने तथा न्यूनतम पेंशन 50 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग का भी समर्थन किया। साथ ही कहा कि भविष्य में यदि पत्रकारों को किसी भी प्रकार की परेशानी आती है तो इनेलो उनके साथ खड़ी रहेगी। 
 नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल ने कहा कि निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता समाज और लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। पत्रकार जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। समारोह में चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र, शाहाबाद, हिसार, बरवाला, उकलाना, रतिया, जाखल, कैथल, गुरुग्राम, नारनौंद, भूना तथा टोहाना सहित अनेक स्थानों से पत्रकार एवं पदाधिकारी पहुंचे। सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी अपने विचार व्यक्त किए। 
समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने भारतीय पत्रकार कल्याण मंच के नेतृत्व में पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवश्यकता पडऩे पर व्यापक आंदोलन चलाने का भी संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजन निरंतर आयोजित करने की बात कही। 
 इस अवसर पर राजेश सलूजा, जगदीश असीजा, घनश्याम जिंदल, संजीव शर्मा, हरिचंद सुंगध, मा. बृजपाल, तरसेम चांदपुरिया, योगेश खनेजा, प्रवीण जग्गा, गुरमीत सिंह, दीपक कुमार, सुरेन्द्र सिंह, करण सिंह, प्रेम सिंह मेग्गी, राजकुमार सरदाना, नवीन गोयल, लाजपत सिंगला, कपिल मैहता, बलकार सिंह, रोहित कुमार, सुखदेव मलिक, श्रवण स्वामी, के दीप गोयल, राजेन्द्र मित्तल, बलदेव बरेटा, संजय शर्मा, चन्द्र शेखर मैहता, शामबीर इंसा, राजेश भाम्भू, अशोक ग्रोवर, विपिन चावला, कुलभूषण बंसल, तरसेम सैनी, हरबंस मण्डेर, रमेश कम्बोज, कृष्ण मोंगा, सचिन कुमार, गुरचरण सिंह सहित अनेक पत्रकार साथी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।