फतेहाबाद,14 दिसम्बर:- शहर की ऑटो मार्केट के सामने महिंद्रा ट्रैक्टर एजेंसी के सामने संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर नीचे लगा धरना रविवार को समाप्त हो गया। किसान नेता मनफूल ढाका व संदीप काजला ने बताया कि कुछ दिन पहले तामसपुरा के किसान मनदीप ने महिंद्रा ट्रैक्टर 8 लाख से ऊपर कीमत का खरीदा था, लेकिन तीन दिन बाद में ही इसके इंजन और मोबिल में कुछ डिफेक्ट आया तो किस ने एजेंसी वालों से बात की। 
उसे समय एजेंसी मालिकों ने कहा कि वह ट्रैक्टर बदलकर नया दे देंगे, लेकिन उसके बाद कई दिन टालमटोल करने के बाद आखिरकार तीन दिन पहले एजेंसी इस ट्रैक्टर को बदलने पर मुकर गई।
इसके बाद विभिन्न किसान यूनियनों के संज्ञान में यह मामला आया तो सब ने मिलकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर के नीचे महिंद्रा एजेंसी के आगे धरना लगाया और किसान की जायज मांग को हल करते हुए राहत देने की बात कही। आज ऑटो मार्केट के विभिन्न पदाधिकारियों और संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के बीच बैठक हुई। 
इस बैठक में यह निर्णय हुआ कि यह ट्रैक्टर ऑटो मार्केट अपने पास रख लेगी और किसान को नया ट्रैक्टर दिया जाएगा। इसके अलावा तीन-चार ट्रैक्टर और जो आए हुए थे, उनमें भी कुछ शिकायतें थी। एजेंसी वालों ने यह आश्वासन दिया है कि इन ट्रैक्टरों की 6 साल की वारंटी रहेगी और कोई भी नुक्स होने पर कंपनी उसे ठीक करके देगी।
इस अवसर पर किसान नेताओं ने किसानों को यह भी चेताया कि भविष्य में अगर कोई भी ट्रैक्टर ले तो उससे पूर्व एक एफिडेविट उसे संबंधित कंपनी और एजेंसी से जरूर ले लें ताकि बाद में इस तरह की कोई दिक्कत ना आए। किसान नेताओं ने कहा कि आज किसान बुरी तरह से कंपनी राज की गिरफ्त में आता जा रहा है और किसानों को आज जागरूक होकर अपने संगठन बनाने की पहले से कहीं ज्यादा जरूरत है।
 क्योंकि आने वाला भविष्य और ज्यादा संकट और चुनौतियों से भरा हुआ है। इस अवसर पर विभिन्न किसान संगठनों के नेता जरनैल सिंह मलवाला खेती बचाओ यूनियन, सतबीर सिंह, अजमेर सिंह भारतीय किसान यूनियन चढूनी, जगतार सिंह किसान सभा, नौजवान सभा से पवन भूथन और सहित बड़ी संख्या में आसपास के गांव से किसान मौजूद रहे।