रतिया,29 मई:- जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला आज रतिया में प्रतिष्ठित व्यवसायी रवि जिंदल के प्रतिष्ठान पर पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने जजपा के शहरी प्रधान रहे स्व.पवन जिंदल के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके पुत्र रवि जिंदल,गौतम जिंदल सहित पूरे परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पवन जिंदल जी समाजसेवा और संगठन के प्रति समर्पित थे। 
उनका जाना जजपा परिवार और रतिया क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। शोक प्रकट करने के उपरांत दिग्विजय चौटाला ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। 
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी की कमर तोड़ महंगाई लगातार बढ़ रही है। रसोई गैस,पेट्रोल-डीजल से लेकर दाल-आटा तक सब महंगा हो गया है,लेकिन सरकार मौन है। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाएं,खासकर महिला सुरक्षा से जुड़े मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ वादों की सरकार बनकर रह गई है। धरातल पर विकास शून्य है और आमजन त्रस्त है।
चौटाला ने कहा कि जेजेपी हर दुख-सुख में जनता के साथ खड़ी है और प्रदेश में जनहित की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। इस मौके पर रवि जिंदल,गौतम जिंदल,वृषभान जिंदल,मनोज जिंदल,वकील लाखिया,रमेश जोरा,पटवारी विश्नोई,जसपाल पाली,संजय गर्ग,वरुण जैन,शंटी ककड़,शुभम जिंदल,सनी जिंदल,दीपक जिंदल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।