ऊना/नंगल, 30 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- एसएसआरवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नया नंगल में गुरुवार को पदग्रहण समारोह (इन्वेस्टीचर सेरेमनी) हर्षोल्लास एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसआरवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊना के अध्यक्ष सतीश शर्मा रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित करने तथा सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्र परिषद के लिए विभिन्न पदाधिकारियों की घोषणा की गई। आदित्य चंदेल को असेंबली हेड, माधव शर्मा को स्पोर्ट्स हेड, विनीत चौधरी को कल्चरल हेड, हरप्रीत सिंह को डिसिप्लिन हेड तथा ओजस्वी त्यागी को साइंस हेड नियुक्त किया गया।
विद्यालय के हेड बॉय के रूप में देवेश सैनी, जूनियर हेड बॉय के रूप में उदय सैनी, हेड गर्ल के रूप में रोज़लीन तथा जूनियर हेड गर्ल के रूप में चाहना का चयन किया गया।
इसी प्रकार मां दुर्गा हाउस की कप्तान खुशबू एवं उपकप्तान आयुष शर्मा, लॉर्ड कृष्णा हाउस की कप्तान अविका एवं उपकप्तान पीयूष, मां लक्ष्मी हाउस के कप्तान लविश एवं उपकप्तान प्रतिष्ठा, जबकि लॉर्ड शिवा हाउस के कप्तान मनप्रीत एवं उपकप्तान गीतांजलि को नियुक्त किया गया।
मुख्य अतिथि ने हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, खेल कप्तान, सांस्कृतिक सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों को बैज पहनाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। बैज धारण करते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर जिम्मेदारी और उत्साह की झलक स्पष्ट दिखाई दी। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विद्यालय के नियमों का पालन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सतीश शर्मा ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल आदेश देना नहीं, बल्कि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर दूसरों को प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय के महाप्रबंधक सुमेश शर्मा ने नवनियुक्त छात्र परिषद को बधाई देते हुए कहा कि छात्र परिषद विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी तथा विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सच्चा नेता वही होता है, जो सेवा भाव के साथ कार्य करे।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए नवनियुक्त छात्र परिषद को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसआरवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल नया नंगल में पदग्रहण समारोह आयोजित छात्र परिषद ने ली नेतृत्व की शपथ
