हांसी, 9 मार्च:- अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी दांतल ने कहा है कि महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण 29 मार्च को उत्तर प्रदेश के मेरठ में हितकारी किसान इंटर कॉलेज, सकौती टांडा में किया जाएगा। मनु चौधरी दांतल अनावरण कार्यक्रम के लिये हरियाणा में समाज के लोगों को निमंत्रण देने आये थे। गांव सोरखी में आम आदमी पार्टी, हांसी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी के प्रतिष्ठान सोरखी इंडस्ट्रीज प्राईवेट लिमिटेड पर हांसी व आसपास के क्षेत्रों से जाट समाज के प्रतिनिधियों को निमंत्रण देने के लिये बैठक का आयोजन किया गया। 
उनके साथ जाट संसद के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप बामल भी थे। आप के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने आये हुए अतिथियों व जाट प्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैठक में सैंकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए मनु चौधरी दांतल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद ने उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का निर्माण करवाया गया है। 29 मार्च को प्रात: 10 बजे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्यातिथि के रुप में प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अध्यक्षता राजस्थान के पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह करेंगे।  
      बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनु चौधरी दांतल ने बताया कि अनावरण समारोह में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, नागोर के सांसद हनुमान बैनीवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधी बीरेन्द्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कैराना के पूर्व सांसद चौ. हरपाल सिंह पंवार, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य मोहित बैनीवाल व अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामावतार पलसानिया विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित होंगे। 
उन्होंने प्रतिनिधियों से समारोह में सपरिवार बढ़ चढ़ कर भाग लेकर एकता का परिचय देने का अनुरोध किया। आप के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने उपस्थित प्रतिनिधियों की ओर से मनु चौधरी को विश्वास दिलाया कि अनावरण समारोह में हांसी जिला से हजारों लोग भाग लेंगे।