हरोली/ऊना, 7 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के बिजनेस मैनेजमेंट विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को गोंदपुर जैचंद स्थित मॉड्यूलस कॉस्मेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड का दौरा कराया गया, जहां उन्होंने औद्योगिक कार्यप्रणाली और उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से समझा।
इस भ्रमण में MBA, BBA, B.Com, B.Voc, M.Sc. (केमिस्ट्री एवं गणित) तथा फार्मेसी के कुल 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उनके साथ विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। भ्रमण से पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार बहल और रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) जगदेव सिंह राणा ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रेरित किया।
कंपनी पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत एचआर मैनेजर कमल देव एवं अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को फैक्ट्री के विभिन्न प्लांट्स का भ्रमण कराया गया और उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। कंपनी में मुख्य रूप से सोप नूडल्स (साबुन का कच्चा माल), खाद्य तेल, घरेलू सफाई उत्पाद और लॉन्ड्री साबुन का निर्माण किया जाता है।
विद्यार्थियों को कच्चे माल से लेकर अंतिम पैकेजिंग तक साबुन निर्माण की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई गई। इसके साथ ही कंपनी प्रबंधन द्वारा एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों से उनके अनुभव और सुझाव प्राप्त किए गए।
विद्यार्थियों ने इस औद्योगिक भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए विश्वविद्यालय एवं कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने भी इस सफल आयोजन के लिए कंपनी प्रबंधन का धन्यवाद किया।