हांसी:– जिला उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में सोमवार को स्थानीय जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर में सीटीएम हिमांशु चौहान ने आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले में त्वरित एवं समयबद्ध  कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर प्रभावी और शीघ्र निस्तारण करना है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिविर के दौरान गांव सिसाय बोलान निवासी बबीता ने भूमि इंतकाल करवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। मामले का संज्ञान लेते हुए सीटीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर भूमि इंतकाल की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आवेदक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसी प्रकार गांव कुलाना के एक नागरिक ने पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन में लीकेज होने की शिकायत रखी। सीटीएम हिमांशु चौहान ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने तथा पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
शिविर में शहर क्षेत्र में सीवरेज लाइन के खुले मैनहोल पर ढक्कन नहीं होने संबंधी शिकायत भी सामने आई। इस पर सीटीएम ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी सीवरेज का होल खुला नहीं रहना चाहिए। यदि किसी स्थान पर ढक्कन टूटा हुआ अथवा गायब है तो उसे तत्काल बदलकर नया ढक्कन लगाया जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
सीटीएम हिमांशु चौहान ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करें और नागरिकों को राहत प्रदान करने में कोई कोताही न बरतें।
समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।