ऊना, 3 जुलाई:- इग्नू सेंटर ऊना के स्टडी सेंटर 1109 के समन्वयक डॉ. सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि  ने देश की पहली मुक्त विश्वविद्यालय के रूप में एम.एससी. (जलवायु परिवर्तन) स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रारंभ किया है। इस दो वर्षीय बहुविषयक पाठ्यक्रम में किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन से संबंधित वैज्ञानिक, सामाजिक एवं नीतिगत पहलुओं का समग्र ज्ञान प्रदान करना है। पाठ्यक्रम में जलवायु विज्ञान, जलवायु जोखिम, अनुकूलन एवं शमन रणनीतियाँ, पर्यावरणीय शासन तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सम्मिलित किया गया है। 
इसके अतिरिक्त जल संसाधन प्रबंधन, ऊर्जा, कृषि, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, जैव विविधता संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, परिपत्र अर्थव्यवस्था (सर्कुलर इकोनॉमी), पर्यावरण कानून तथा जलवायु आकलन जैसे विषयों का भी अध्ययन कराया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे योग्य एवं दक्ष पेशेवर तैयार करना है, जो जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विश्लेषण कर उनके टिकाऊ एवं प्रभावी समाधान विकसित कर सकें।
डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र के लिए पुनः पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जुलाई 2026 कर दी गई है। पूर्व से नामांकित विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पुनः पंजीकरण करा सकते हैं।