अंबाला , 19 दिसम्बर:- उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने और आमजन को बिजली बिलों के बोझ से राहत दिलाने की दिशा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिलेवासियों के लिए वरदान साबित हो रही है। अंबाला में इस योजना को लेकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की संयुक्त पहल से यह योजना इतनी किफायती बन गई है कि पात्र परिवारों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना बहुत ही कम खर्च लगभग मुफ्त जैसा हो गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में 3350 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाते हुए सोलर पैनल स्थापित करवाया हैं। भारत सरकार द्वारा अलग-अलग क्षमता के सोलर सिस्टम के लिए करीब 24 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे इन लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। वहीं हरियाणा सरकार द्वारा भी योजना के सफल क्रियान्वयन में मह्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा जिले के 130 उपभोक्ताओं को लगभग 0.59 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष पात्र लाभार्थियों को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता प्रारंभिक निवेश करने में सक्षम नहीं है, तो सरकार ने उनके लिए भी विकल्प उपलब्ध कराए हैं। सरकारी बैंकों के माध्यम से न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है।
दो किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 8 से 10 यूनिट बिजली उत्पादन करता है, जो मासिक रूप से लगभग 300 यूनिट तक होती है। यह एक मध्यमवर्गीय परिवार की जरूरतों के लिए पर्याप्त है, जिससे बिजली बिल लगभग शून्य हो जाता है।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
