होशियारपुर: शहर के विकास, धार्मिक आस्था और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं को एक सूत्र में पिरोने वाले महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट ‘आदि गुरु शंकराचार्य सेतु’ के निर्माण कार्य की रविवार को औपचारिक शुरुआत की गई। आदि गुरु शंकराचार्य चौक पर आयोजित समारोह के दौरान विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज के कर-कमलों से भूमि पूजन करवाकर इस प्रोजेक्ट की शुरुआत करवाई।
विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा कि यह पुल न केवल क्षेत्र की यातायात प्रणाली को मजबूत करेगा, बल्कि शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। जिंपा ने बताया कि उनके द्वारा शहर की धार्मिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से पहले महावीर सेतु से धोबी घाट चौक तक के मार्ग का नाम ‘श्री राम पथ’ और धोबी घाट चौक का नाम ‘आदि गुरु शंकराचार्य चौक’ रखा गया था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब आदि गुरु शंकराचार्य चौक से आदमवाल मार्ग को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल का नाम ‘आदि गुरु शंकराचार्य सेतु’ रखा गया है।
उन्होंने कहा कि श्री सनातन धर्म सभा होशियारपुर सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सनातन संस्थाओं द्वारा लंबे समय से इस पुल का नाम आदि गुरु शंकराचार्य जी के नाम पर रखने की मांग की जा रही थी। पंजाब सरकार ने जन भावनाओं का सम्मान करते हुए इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है।
जिंपा ने बताया कि भंगी चो पर धोबी घाट-आदमवाल मार्ग पर 141 मीटर लंबे हाई लेवल पुल का निर्माण लगभग 8 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा डिजाइन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई और अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण 15 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक ने कहा कि इस समय इस स्थान पर केवल एक कंक्रीट कॉजवे मौजूद है, जहां बरसात के मौसम के दौरान भंगी चो में पानी का स्तर बढ़ जाने के कारण लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है, जिस कारण स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। नए हाई लेवल पुल के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा।
विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। आदि गुरु शंकराचार्य सेतु इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल एक निर्माण प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और आधुनिक विकास का प्रतीक बनकर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
811 करोड़ की लागत से बनेगा हाई लेवल पुल हजारों लोगों और श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा
