हरोली/ऊना, 27 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- महिलाओं में बच्चेदानी के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए सरकार द्वारा शुरू किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग हरोली पूरी तरह सक्रिय हो गया है। स्वास्थ्य खंड हरोली में इस अभियान के तहत सात टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं।
यह अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को लक्षित किया गया है। इन बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।
इस संबंध में बीएमओ हरोली डॉ. शिंगारा सिंह ने शुक्रवार को सभी पीएचसी और सीएचसी के चिकित्सकों के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिए कि लक्षित आयु वर्ग की सभी बालिकाओं की पहचान कर समयबद्ध तरीके से टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अभिभावकों को जागरूक करने और किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया।
अभियान के तहत जिन सात केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा, उनमें पीएचसी पंजावर, सीएचसी भदसाली, पीएचसी बढ़ेड़ा, सीएच हरोली, पीएचसी बाथड़ी, सीएचसी कुंगड़त और सीएचसी दुलेहड़ शामिल हैं। इन केंद्रों पर टीकाकरण 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को किया जाएगा।
डॉ. शिंगारा सिंह ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य संबंधित बीमारियों से बचाव में प्रभावी है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में होने वाले गंभीर खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14–15 वर्ष की बेटियों को निर्धारित तिथियों पर नजदीकी केंद्र में ले जाकर टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन कोई नई नहीं है, बल्कि वर्ष 2006 से उपयोग में लाई जा रही है। इस बार सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क उपलब्ध करवाना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर के बाद महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर सबसे अधिक पाया जाता है, जिसे रोकने के लिए यह टीकाकरण बेहद जरूरी है।
हरोली में एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय 7 केंद्रों पर लगेगा टीका
