हरोली/ऊना, 15 मई (राजवीर चोपड़ा):- स्कूली विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से दशमेश पब्लिक स्कूल गुरपलाह साहिब, तहसील हरोली में हेड बॉय और हेड गर्ल के चुनाव आयोजित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय की सामाजिक विज्ञान शिक्षिका श्रीमती रेखा रानी ने विद्यार्थियों को आगामी लोकसभा चुनावों की प्रक्रिया, मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी दी।
विद्यालय की सामाजिक विज्ञान प्रवक्ता ने बताया कि दसवीं कक्षा के दो छात्र करनदीप सिंह और इशमीत सिंह तथा दो छात्राएं परमिंदर कौर और हरदीप कौर को हेड बॉय एवं हेड गर्ल पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया। उम्मीदवारों ने भाषणों के माध्यम से अपने चुनाव चिन्ह, विचार तथा विद्यालय के प्रति अपनी योजनाएं अन्य विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
इसके बाद विद्यार्थियों ने मतपत्र पर चुनाव चिन्ह के सामने मोहर लगाकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दिया और मतपेटी में मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में गठित पोलिंग टीम के सदस्य मैडम रंजीता कुमारी, मैडम गुरजोत कौर, गुरविंदर सिंह, दर्शन सिंह, गुरलाब सिंह तथा अवतार सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूरे चुनाव के दौरान विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिला और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटी को सील कर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दलविंदर कौर को सौंप दिया गया।
प्राचार्या श्रीमती दलविंदर कौर की उपस्थिति में गुरलाब सिंह और अवतार सिंह द्वारा मतगणना की गई तथा चुनाव परिणाम घोषित किए गए। परिणामों में छात्रों वर्ग से करनदीप सिंह ने इशमीत सिंह को पराजित कर जीत हासिल की, जबकि छात्राओं वर्ग में परमिंदर कौर ने हरदीप कौर को हराकर विजय प्राप्त की।
इस प्रकार विद्यालय में करनदीप सिंह को हेड बॉय तथा परमिंदर कौर को हेड गर्ल चुना गया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दलविंदर कौर, सामाजिक विज्ञान प्रवक्ता श्रीमती रेखा रानी एवं समस्त स्कूल स्टाफ ने विजेता उम्मीदवारों करनदीप सिंह और परमिंदर कौर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई।
अंत में सामाजिक विज्ञान प्रवक्ता श्रीमती रेखा रानी ने प्राचार्या, स्कूल स्टाफ और उपस्थित छात्र-छात्राओं का सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
दशमेश पब्लिक स्कूल गुरपलाह साहिब में हेड बॉयहेड गर्ल चुनाव संपन्न विद्यार्थियों ने जाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्व
