रतिया, 21 जुलाई:- शहीद दविन्द्र सिंह राजकीय महिला महाविद्यालय रतिया में उच्च शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) हिन्दी पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु प्रस्तावित प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार छात्राएं 19 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकेंगे।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. सुरेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी चाहिए ताकि मेरिट सूची एवं काउंसलिंग के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्राओं को सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने चाहिए, जिससे आवेदन प्रक्रिया आसानी से पूर्ण हो सके।
एडमिशन नोडलअधिकारी प्रो रीतु ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (PPP), 10वीं का प्रमाण पत्र, 12वीं का प्रमाण पत्र एवं परिणाम की प्रति, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (केवल बीसी वर्ग के लिए), माइग्रेशन सर्टिफिकेट अन्य विश्वविद्यालय की छात्राओं के लिए), पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, स्वयं की सक्रिय ई-मेल आईडी, स्थायी मोबाइल नम्बर तथा छात्रा के नाम से बैंक खाता होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई से 27 जुलाई तक विद्यार्थी ओटीपी के माध्यम से अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। वहीं 18 जुलाई से 28 जुलाई तक संबंधित महाविद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों के दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी के आवेदन में कोई त्रुटि होगी तो उसे अपने लॉगिन के माध्यम से दूर किया जा सकेगा।
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई को प्रथम प्रोविजनल मेरिट सूची तथा 30 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 31 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रथम चरण की काउंसलिंग के दौरान फीस जमा करवानी होगी। निर्धारित समय में फीस जमा न कराने वाले अभ्यर्थियों की सीट अगले चरण में उपलब्ध मानी जा सकती है।
विभाग के अनुसार 3 अगस्त से रिक्त सीटों के लिए फिजिकल काउंसलिंग आरंभ होगी। इसके बाद 4 अगस्त को ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पुनः खोला जाएगा, जहां नए अभ्यर्थी भी पंजीकरण एवं आवेदन कर सकेंगे। 5 अगस्त से 11 अगस्त तक शेष सीटों के लिए ₹100 लेट फीस के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी, जबकि 12 अगस्त से 18 अगस्त तक ₹100 लेट फीस तथा प्रतिदिन ₹100 अतिरिक्त शुल्क के साथ प्रवेश लिए जा सकेंगे।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. परमजीत संधा ने रतिया एवं आसपास के क्षेत्र की छात्राओं से विशेष रूप से एम.ए. हिन्दी में प्रवेश लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हिन्दी केवल हमारी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत की संवाहक ही नहीं, बल्कि वर्तमान समय में रोजगार एवं शोध की दृष्टि से भी अत्यंत संभावनाशील विषय है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत हिन्दी भाषा एवं साहित्य के अध्ययन के साथ-साथ अनुवाद, पत्रकारिता, मीडिया, कंटेंट राइटिंग, डिजिटल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ई-कंटेंट निर्माण, शिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा शोध के क्षेत्र में भी व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। महाविद्यालय में अनुभवी एवं योग्य प्राध्यापकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समृद्ध पुस्तकालय, आईसीटी आधारित शिक्षण सुविधाएं तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने छात्राओं एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे उच्च शिक्षा के लिए एम.ए. हिन्दी का चयन कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें।
प्रो. सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए छात्राएं 97290-66051, 87082-76004 एवं 98025-21017 पर संपर्क कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त प्रवेश संबंधी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं महाविद्यालय के फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप चैनल तथा कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाएंगी।
