होशियारपुर- नगर निगम होशियारपुर के नववर्ष के उपलक्ष्य में हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल व मेयर सुरिंदर कुमार ने हवन में हिस्सा लिया और शहर वासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तथा सुख-शांति की कामना की।
सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि नववर्ष की शुरुआत ऐसे आध्यात्मिक व सकारात्मक समारोह से होना शुभ संकेत है। यह समारोह न केवल शहर वासियों के लिए सुख-शांति की प्रेरणा है बल्कि नगर निगम के कार्यों में पारदर्शिता व समर्पण को भी दर्शाता है। हवन का उद्देश्य केवल धार्मिक समारोह नहीं है बल्कि यह सामूहिक शक्ति व एकता का प्रतीक प्रयास है। उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से होशियारपुर शहर का विकास तेजी से हो रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार और उनकी ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा ने अपने संबोधन में कहा कि नववर्ष के अवसर पर नगर निगम द्वारा इस तरह के समारोहों का न केवल आध्यात्मिक महत्व है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाता है। इस हवन के माध्यम से यह संकल्प लिया जा रहा है कि हम सब मिलकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाएंगे। उन्होंने कहा कि होशियारपुर का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए राज्य सरकार नगर निगम के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कर्मचारियों की मेहनत और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी और अधिकारी शहर के असली हीरो हैं, जो दिन-रात मेहनत करके होशियारपुर को उज्ज्वल और व्यवस्थित रखते हैं। हवन के बाद सांसद चब्बेवाल और विधायक जिम्पा ने नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और उनकी लगन और मेहनत के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने सभी शहर निवासियों से अपील की कि वे सफाई और विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएं और होशियारपुर को एक आदर्श शहर बनाने में अपना सहयोग दें।
नगर निगम कमिश्नर डॉ. अमनदीप कौर ने बताया कि इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें पदोन्नत किया गया। इसमें 8 सफाई कर्मचारियों को सफाई मेट के तौर पर पदोन्नत किया गया। 3 सफाई कर्मचारियों को अस्थायी सफाई मेट के तौर पर तैनात किया गया। 3 कर्मचारियों को सेनेटरी सुपरवाइजर के तौर पर पदोन्नत किया गया। एक कर्मचारी को ऑफिस पोस्ट पर पदोन्नत किया गया। पदोन्नत कर्मचारियों को सांसद चब्बेवाल और विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा ने पदोन्नति पत्र सौंपे।
नववर्ष के उपलक्ष्य में नगर निगम में हवन का आयोजन
