चंडीगढ़: हरियाणा के एडीजीपी रैंक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार ने आत्महत्या कर ली। सेक्टर 11 में अपने आवास पर उन्होंने खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, एडीजीपी रैंक के एक अधिकारी द्वारा यह कदम उठाए जाने से चंडीगढ़ पुलिस से लेकर हरियाणा की अफसरशाही तक में हड़कंप मच गया है। 
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवर दीप कौर के नेतृत्व में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन करके वाई. पूरन कुमार के शव को कब्जे में ले लिया गया। पुलिस आवास पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
बताया गया है कि वाई. पूरन कुमार ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली और हमेशा के लिए अपनी जिंदगी समाप्त कर ली। उन्होंने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। 
हालांकि, वाई. पूरन कुमार के आत्महत्या तक पहुंचने के इस फैसले के पीछे कोई बहुत बड़ा कारण माना जा रहा है। फिर भी, वाई. पूरन कुमार के पास से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। 
मौके पर चंडीगढ़ पुलिस गहनता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है। हरियाणा पुलिस के अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की पत्नी अमनीत कुमार हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और इस समय वह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान के दौरे पर गई हुई हैं। पत्नी की अनुपस्थिति में आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। आईएएस पत्नी अमनीत कुमार को वाई. पूरन कुमार के इस कदम की जानकारी दे दी गई है।