हरोली/ऊना, 4 जून (राजवीर चोपड़ा):- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरोली ब्लॉक औद्योगिक संगठन द्वारा बेला बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र में विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 5 जून को सुबह 10:00 बजे आयोजित होगा, जिसमें औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि, संगठन के पदाधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग भाग लेंगे।
हरोली ब्लॉक औद्योगिक संगठन के प्रधान राकेश कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। 
बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन द्वारा बेला बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण के लिए लाभकारी पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही संगठन के सदस्य यह संकल्प भी लेंगे कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
राकेश कौशल ने औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े सभी उद्यमियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह पौधारोपण अभियान पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरित हरोली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।