हरोली/ऊना, 13 जून (राजवीर चोपड़ा):- हरोली उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव सिंगा में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में चयनित छह युवाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिंगा के पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी गुरदेव सिंह उर्फ ज्ञानी बाबा सिंगा वालों ने युवाओं को 1100-1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जानकारी के अनुसार अग्निवीर योजना के तहत चयनित गांव के संजीव कुमार, डिम्पल कुमार, रोहन राणा, सागर राणा, विवेक चौधरी और शिखर शर्मा को सम्मानित करते हुए ज्ञानी बाबा ने उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ज्ञानी बाबा ने कहा कि देश सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और युवाओं का सेना तथा पुलिस बलों में भर्ती होना पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि गांव सिंगा का जो भी युवा भविष्य में सेना या पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देगा, उसे उनकी ओर से 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि और एक शॉल देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांव के छह युवाओं का अग्निवीर योजना के तहत चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इन युवाओं ने अपने परिश्रम और लगन से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। युवाओं की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है।
इस मौके पर ग्राम पंचायत सिंगा की सचिव स्नेह लता, पटवारी जगतार सिंह, मेहर सिंह, मोहिंदर पाल, प्रमोद कुमार, अमरीक सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ज्ञानी बाबा सिंगा वालों ने अग्निवीर में चयनित छह युवाओं को 1100 रुपये प्रोत्साहन राशि देकर किया सम्मानित
