हरियाणा/हिसार:- पर्यावरण संरक्षण को लेकर गुराना गांव के दोनों सरकारी विद्यालयों ने मिसाल कायम की है। गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुराना में बुधवार को संयुक्त "पौधरोपण अभियान" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी हांसी विनोद कुमार व प्रिंसिपल भाटला सुरजीत ने बतौर अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत गुराना के सरपंच रामअवतार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुराना के प्राचार्य बलजीत सिंह तथा राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय गुराना के मुख्याध्यापक राजेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
सरपंच व डीईईओ हांसी ने अपने कर कमलों द्वारा दोनों स्कूलों में त्रिवेणी लगाकर पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पेड़ों के महत्व के बारे में समझाया और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधे लगाने हेतु प्रेरित किया।
जानकारी दी गई कि अब तक प्राइमरी स्कूल में 650 और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 1000 पौधे सफलतापूर्वक लगाए जा चुके हैं। सभी पौधों की देखभाल विद्यार्थियों और स्टॉफ द्वारा नियमित रूप से की जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को 1-1 पौधा देकर उसे लगाने और पालने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच रामअवतार, एसएमसी सदस्यों व मुख्याध्यापक राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से डीईईओ के समक्ष प्राइमरी स्कूल में अध्यापकों की कमी का मुद्दा उठाया।
इस पर डीईईओ विनोद कुमार ने विद्यालय प्रबन्धन समिति प्रधान,सदस्यों, एवं सरपंच साहब को आश्वस्त किया कि मंगलवार तक अध्यापकों की कमी दूर कर दी जाएगी।
सरपंच ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को आश्वासन दिया कि स्कूल कार्यों में ग्राम पंचायत पूरा सहयोग करेगी।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी हांसी विनोद कुमार ने दोनों विद्यालयों के मुखियाओं और समस्त स्टॉफ की "भूरी-भूरी प्रशंसा" करते हुए कहा कि गुराना के स्कूल शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं l