रतिया, 8 जुलाई:- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खाई में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में उपमंडलाधीश (एसडीएम) सुरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी शशि प्रकाश, ग्राम सरपंच अमनदीप कौर, जन स्वास्थ्य विभाग की एसडीओ आंचल जैन तथा सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट गुरजीत सिंह दंदीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अवनीश गर्ग ने की।
मुख्य अतिथि एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि अच्छी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए छात्राओं से बड़े सपने देखने, अनुशासन, अच्छे संस्कार और निरंतर मेहनत को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय में छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
समारोह में पहुंचने पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
प्राचार्य अवनीश गर्ग ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय की छात्राओं ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने एसडीएम सुरेंद्र सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से विद्यालय में स्टाफ की कमी दूर हुई है, जिससे शैक्षणिक वातावरण और अधिक मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मान-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कक्षा 12वीं में मनप्रीत कौर ने प्रथम, सिमरन ने द्वितीय तथा ज्योति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं में सिमरन प्रथम, आरती द्वितीय तथा मंदीप कौर तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 11वीं में सुमनदीप, मानसी एवं खुशदीप, जबकि कक्षा 9वीं में गुरविंद्र, पूजा और खुशी सहित सातवीं एवं छठी कक्षा की मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्राओं ने हरियाणवी लोकनृत्य, समूह गीत तथा शिक्षा के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
ग्राम सरपंच अमनदीप कौर ने अपने संबोधन में विद्यालय को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि विद्यालय के लिए लाइब्रेरी एवं पानी की टंकी की व्यवस्था शीघ्र करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सदैव विद्यालय के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
एसएमसी प्रधान मनजीत कौर ने विद्यालय में अनुशासित वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना की। वहीं एसडीओ आंचल जैन तथा एबीआरसी कुलदीप सिंह ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षाविद डॉ. नैब सिंह मंडेर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालय परिवार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।
समारोह का सफल एवं प्रभावशाली संचालन प्रवक्ता चरणजीत सिंह ने किया।
इस अवसर पर वार्डन महेशी मानव , मैम्बर पंचायत गुलाब सिंह, चैम्पु राम,सीमा रानी, प्रवीण कुमार, रवि कुमार, सुनीता मोंगा, प्रवक्ता गनी श्याम नापा , सोनू, सीमा,शरीता,बेअंत कौर, वीरपाल कौर, जेई अमनदीप सिंह, छोटू राम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
