होशियारपुर- विधानसभा हलका चब्बेवाल के सरकारी स्कूलों को आदर्श के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से हलका विधायक डॉ. इशांक कुमार ने हलके के विभिन्न स्कूलों के रख-रखाव व विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये कार्य कुल 75.13 लाख रुपए की लागत से पूरे किए जाएंगे। इस अवसर पर डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज की तरक्की की नींव है और मेरा मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है। 
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अच्छरवाल की मरम्मत व पुनर्निर्माण के लिए 46.84 लाख रुपए की ग्रांट जारी की गई है। यह कार्य स्कूल के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने व सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सरकारी हाई स्कूल सरहाला कलां के जीर्णोद्धार के लिए 5.35 लाख रुपए की राशि तथा सरकारी हाई स्कूल सरहाला कलां के जीर्णोद्धार के लिए 1.50 लाख रुपए की ग्रांट मंजूर की गई है। प्राइमरी स्कूल भाम की चारदीवारी के निर्माण के लिए 5.35 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। सीनियर सेकेंडरी स्कूल अजनोहा के जीर्णोद्धार कार्य के लिए 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि प्राइमरी स्कूल मोना खुर्द में 6 लाख रुपये की लागत से नई चारदीवारी बनाई जाएगी तथा छात्राओं के लिए 1.59 लाख रुपये की लागत से नया शौचालय बनाया जाएगा। मोना खुर्द स्कूल पर कुल 7.59 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
 डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि चब्बेवाल क्षेत्र के सरकारी स्कूलों को ऐसी सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि वे निजी स्कूलों के बराबर आ सकें। उनका उद्देश्य है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अच्छे माहौल में अच्छी शिक्षा मिल सके। यह विकास कार्य क्षेत्र के शैक्षणिक स्तर को ऊपर उठाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। डॉ. इशांक ने कहा कि यह तो शुरुआत है तथा आने वाले समय में क्षेत्र के प्रत्येक स्कूल तथा प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मेरे प्रयास जारी रहेंगे। 
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी श्रीमती ललिता अरोड़ा ने डॉ. इशांक कुमार का धन्यवाद करते हुए कहा कि विधायक बनते ही उनके द्वारा इस प्रकार से स्कूलों का स्तर ऊंचा उठाने के लिए ग्रांट जारी करने से सभी स्कूलों के अध्यापकों व विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। अध्यापक व विद्यार्थी अपने स्कूलों में दोगुने उत्साह से पढ़ाने व पढ़ाने के लिए तत्पर हैं तथा अच्छे परिणाम दे रहे हैं। 
इन स्कूलों में नींव पत्थर रखने के अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एलिमेंट्री शिक्षा हरजिंदर सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी एलिमेंट्री शिक्षा सुखविंदर सिंह, जिला स्मार्ट क्लासरूम कोऑर्डिनेटर सतीश कुमार शर्मा, सरपंच मोहन सिंह, मुख्याध्यापिका कश्मीर कौर, दलजीत सिंह पूर्व सरपंच अजनोहा, सरपंच राजविंदर कौर, सरपंच परविंदर सिंह भाम आदि भी उपस्थित थे।