हरोली/ऊना, 1 अगस्त (राजवीर चोपड़ा):- प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए विद्यार्थियों द्वारा फ्रेशर्स पार्टी का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करना तथा उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार के प्रेरणादायक संबोधन एवं आशीर्वचनों के साथ हुआ। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
फ्रेशर्स पार्टी के दौरान नवागत विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बनाए रखा। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में खुशी, उमंग और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी साथियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
फ्रेशर्स पार्टी के दौरान विभिन्न संकायों के लिए मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर का चयन भी किया गया। एम.ए. से शुभनीत मान, बीबीए से नैंसी, पीजीडीसीए से हीना, बी.एससी. से ईशान मलिक एवं सिमरनप्रीत कौर, बी.ए. प्रथम वर्ष से सुमन, शौर्य, अशप्रीत एवं सेजल, बीसीए से वैशाली तथा बी.कॉम. से करण और आरती को फ्रेशर सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेल, संगीत, जलपान तथा विभिन्न सरप्राइज गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनका सभी विद्यार्थियों ने भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम का समापन प्रो. कैप्टन सोनिका सैनी द्वारा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सौहार्द की भावना को भी मजबूत बनाते हैं। फ्रेशर्स पार्टी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुई।
राजकीय महाविद्यालय हरोली में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
