पटना:- बिहार में बाढ़ का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रभावित लोगों की संख्या 47 लाख के पार पहुंच गई है। राज्य के 15 जिलों के 88 प्रखंडों और 561 पंचायतों में 47 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस दौरान प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के साथ-साथ अनाज, पशुओं के लिए चारा, दवाइयों और अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की चुनौती भी बढ़ती जा रही है। गंगा, गंडक, कोसी और सोन नदियों के कारण लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोइयों की संख्या बढ़ाकर 1194 कर दी गई है। इन रसोइयों के माध्यम से करीब 52 लाख लोगों को दिन में दो बार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की ओर से जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रभावित परिवार को भोजन की कमी नहीं होनी चाहिए। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सामुदायिक रसोइयों की संख्या और बढ़ाने के लिए भी कहा गया है।