रतिया,1 अगस्त:- मॉडल टाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष सतपाल मंगला के नेतृत्व में रतिया विधायक स.जरनैल सिंह से उनके निवास पर मिला और मॉडल टाउन की मूलभूत समस्याओं को लेकर दो अलग-अलग मांग पत्र सौंपे। प्रतिनिधि मंडल ने सर्वप्रथम विधानसभा में मॉडल टाउन वासियों की आवाज को प्रमुखता से उठाने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
पहले मांग पत्र में मॉडल टाउन स्थित पांचों पार्कों की जर्जर अवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया गया। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों संजय मोदी, विनोद जैन, अशोक गर्ग, रामकुमार मेहता, विनोद जैन,सुरेश मंगला, प्रेम बासल, अमित गोयल, विक्की सिंगला आदि ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों नागरिक, बच्चे एवं बुजुर्ग सैर एवं मनोरंजन के लिए इन पार्कों में आते हैं, परंतु लंबे समय से रख-रखाव न होने से इनकी दशा अत्यंत चिंताजनक हो गई है।
पार्क नं. 1 आनंद पार्क व पार्क नं. 4 अग्रसेन पार्क के मुख्य द्वार पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। सभी पार्कों में लगे झूले टूट-फूट गए हैं, बेंचें जर्जर एवं अनुपयोगी हैं। सिंचाई के लिए पाइपलाइन न होने से हरियाली मुरझा रही है। फुटपाथ जगह-जगह से उखड़े हुए हैं, चारदीवारी नीची है और प्लास्टर उखड़ा हुआ है। डस्टबिन न होने से गंदगी फैली है और वर्षों से रंग-रोगन न होने से पार्कों की शोभा फीकी पड़ गई है। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण शाम ढलते ही पार्कों में अंधकार और असुरक्षा का माहौल बन जाता है।
एसोसिएशन ने कहा कि इन कारणों से पार्कों की स्वच्छता, सुंदरता और सुरक्षा तीनों प्रभावित हो रही हैं। इससे विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे मांग पत्र में मॉडल टाउन की लंबे समय से लंबित सीवरेज एवं पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई। एसोसिएशन ने कहा कि आपके प्रयास से पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान का आश्वासन दिया गया था, परंतु आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। जिसके कारण क्षेत्रवासी आज भी सीवरेज जाम, गंदे पानी की निकासी और पीने के पानी की कमी से परेशान हैं। पत्र के साथ 02.01.2025 को फतेहाबाद के उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई समन्वय बैठक की कार्यवाही की प्रति भी संलग्न की गई है। इस पत्र की प्रति उपायुक्त, फतेहाबाद को भी प्रेषित की गई है।
एसोसिएशन ने विधायक से विनम्र अनुरोध किया कि वे इन दोनों जनहित के मुद्दों पर संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करवाएं, ताकि मॉडल टाउन वासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर विधायक स. जरनैल सिंह ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और दोनों मांग पत्रों का संज्ञान लेते हुए आश्वस्त किया कि मॉडल टाउन की समस्याओं का जल्द समाधान करवाया जाएगा।
मॉडल टाउन के पांच पार्क उपेक्षा के शिकार सीवरेज पेयजल समस्या भी जस की तस वेलफेयर एसोसिएशन ने विधायक को सौंपे दो मांग पत्र
