करनाल,13 अप्रैल:- जिला पुलिस करनाल की सीआईए-3 टीम ने इंचार्ज निरीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में ज्वेलर्स से नकली सोना देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में डीएसपी राजीव कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता यतिन गोयल, जिनका ओपीएस ज्वेलरी हाउस के नाम से कुंजपुरा रोड, करनाल में शोरूम है, ने पुलिस को शिकायत दी थी।
शिकायत के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग उनके शोरूम पर आकर सोने के आभूषण खरीदते थे और बदले में पुराना सोना देकर जाते थे। लगातार लेन-देन के बाद जब उन्हें शक हुआ और दिए गए सोने की जांच करवाई गई, तो वह नकली पाया गया। इसके आधार पर थाना शहर करनाल में मुकदमा नंबर 218 दिनांक 07/04/2026 को धारा 303, 316(2), 318(4), 317(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को 08/04/2026 को मेरठ रोड, करनाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशी अरोड़ा पुत्री सर्वपाल सिंह और सर्वपाल सिंह पुत्र पृथी पाल सिंह निवासी निलोठी एक्सटेंशन, नागलोई, पश्चिम दिल्ली (हाल निवासी ओमैक्स सिटी, बहादुरगढ़, जिला झज्जर) के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से 56 ग्राम सोना बरामद किया गया है। ये आरोपी नकली सोने के जेवरात देकर असली सोने के आभूषण और नकदी ठगने का काम करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से सर्वपाल सिंह को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उसके खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को पुनः अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।
बापबेटी की जोड़ी निकली शातिर ज्वेलर्स को लगाया चूना ज्वेलर्स को बनाया निशाना नकली चमक से उड़ाई असली दौलत
