करनाल,14 जुलाई:- रास रेजीडेंसी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस के अनुसार  घटनाक्रम के दौरान पिता अपने बेटे को बचाने के लिए दूसरी मंजिल से उसके पीछे कूद गया। इस हादसे में पिता सुखवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा हरविंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक घटना करीब रात दो बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुखवंत सिंह और उसका बेटा हरविंद्र सिंह फ्लैट में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हरविंद्र ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की बात कही और दूसरी मंजिल से नीचे कूदने के लिए दौड़ पड़ा। बेटे को रोकने की कोशिश में पिता भी उसके पीछे कूद गया। नीचे गिरते ही सुखवंत सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि हरविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
हरविंद्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सेक्टर-32-33 थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि शराब के नशे के बीच यह घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।