फतेहाबाद,6 मार्च:- मनोहर मेमोरियल कॉलेज में गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। एक मार्च से शुरू हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के भीतर सकारात्मक व्यवहार, कार्य कुशलता और संस्थागत अनुशासन को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रगति में गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भूमिका एक रीढ़ की हड्डी के समान होती है। जब तक प्रशासनिक और सहायक स्टाफ पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य नहीं करता, तब तक संस्थान शैक्षणिक ऊंचाइयों को नहीं छू सकता।
एफडीपी के विशेष सत्र में आज रिटायर्ड एसएचओ ट्रैफिक मंगत राम मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित हुए। उन्होंने कर्मचारियों को अनुशासन का महत्व समझाते हुए दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर नियमों के पालन की महत्ता बताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक अनुशासित कर्मचारी ही संस्थान की छवि को समाज में बेहतर बना सकता है। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं के रूप में एसएस मल्होत्रा, डॉ. संध्या अग्रवाल, नरेंद्र सरदाना, रमनदीप सिंह, कविता, सुरेश, अंजली, पवन, नीतीश और सावन ने भी अपने विचार रखे। एसएस मल्होत्रा ने कर्मचारियों को संस्थान के सिद्धांतों का पालन करने और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना से काम करने पर बड़े से बड़े लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। कार्यस्थल पर तनाव मुक्त रहने और बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी गई। प्राचार्य ने कहा कि यह कार्यशाला केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय और तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने का भी एक साझा मंच साबित हो रही है। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त नॉन टीचिंग स्टाफ मौजूद रहा।