रतिया, 4 सितंबर:- लोक चेतना मंच हरियाणा द्वारा ग्लोबल स्टार लाइब्रेरी, रतिया में प्रसिद्ध फिल्मी अदाकार दीपक कम्बोज के रूबरू एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक चेतना मंच हरियाणा के चेयरमैन डॉ. नैब सिंह मंडेर ने की।
कार्यक्रम में मंच के महासचिव कृष्ण चित्रकार ने अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए लोक चेतना मंच द्वारा साहित्य, कला, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर ने फिल्मी अदाकार दीपक कम्बोज के जीवन, संघर्ष एवं कला-सफर का विस्तारपूर्वक परिचय प्रस्तुत किया।
रूबरू कार्यक्रम के दौरान दीपक कम्बोज ने अपने जीवन एवं अभिनय यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि बचपन से ही उन्हें थिएटर तथा प्रकृति के रंगों के प्रति विशेष रुचि रही है। उन्होंने थापर यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद विभिन्न संस्थानों में नौकरी की। अभिनय एवं थिएटर के प्रति गहरी रुचि के चलते उन्होंने आईक्यू हॉस्पिटल की नौकरी छोड़कर चंडीगढ़ के टीएफटी थिएटर में अपने अभिनय सफर की शुरुआत की।
उन्होंने बताया कि मुंबई में फिल्म ‘21 सरफरोश: सारागढ़ी 1897’ में जूनियर आर्टिस्ट के रूप में उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इसके बाद ‘दस्तार’ फिल्म में तरसेम जस्सड़ के साथ ‘विंदर’ की भूमिका निभाकर उन्हें पहचान मिली। उन्होंने बताया कि नेटफ्लिक्स की ‘सारे जहाँ से अच्छा’, जियो हॉटस्टार की ‘बैड कॉप’, जी पंजाबी की ‘हीर रांझा’, ‘मावां ठंडियां छावां’ तथा ‘जिगरी यार’ और ‘कसूती डिग्री’ जैसे प्रोजेक्ट्स में उनके अभिनय को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला।
दीपक कम्बोज ने बताया कि आगामी 13 सितंबर को ‘मिट्टी का पुत्र’ फिल्म के प्रमोशन के लिए आयोजित रैली में फिल्म जगत के कई बड़े कलाकार भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान लोक चेतना मंच हरियाणा की ओर से फिल्मी अदाकार दीपक कम्बोज को ‘उत्तम सेवा सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए उन्होंने लोक चेतना मंच का आभार व्यक्त किया और कहा कि कलाकारों को प्रोत्साहन देने वाले ऐसे आयोजन कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी तेजेंद्र सिंह औजला, एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर, बिक्रम कम्बोज, माता बलदेव कौर, बेअंत कौर, मनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, कुशुब गोयल, दिलप्रीत, नरेंदर, लवप्रीत, केशव, असमीत, गुरसेवक, मनदीप, गुरदित्ता सहित लोक चेतना मंच के अनेक सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रशंसक उपस्थित रहे।