करनाल, 25 जनवरी:- राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आज हरियाणा हॉर्टिकल्चर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, उचानी में एक उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक मतदाता शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी, करनाल ने संस्थान के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी को लोकतंत्र की नींव को और मजबूत करने के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह बिना किसी प्रलोभन, दबाव या लालच के अपने मताधिकार का प्रयोग करे। साथ ही, वह अपने आसपास के अन्य नागरिकों को भी मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करे और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करे। हमारा एक वोट ही देश की दिशा और दशा तय करने की ताकत रखता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संविधान के प्रति अटूट निष्ठा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाने का दृढ़ संकल्प लिया। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी ने मेरा भारत, मेरा वोट की भावना को आत्मसात किया, जो इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस की प्रमुख थीम भी है।
समारोह पूरे शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिसमें हरेक व्यक्ति ने मतदाता जागरूकता के इस संदेश को दिल से अपनाया। यह आयोजन न केवल संस्थान के कर्मचारियों के बीच मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकारी विभाग और संस्थान लोकतंत्र की मजबूती में कैसे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
बिना किसी प्रलोभन या दबाव के करें अपने मताधिकार का प्रयोग जिला उद्यान अधिकारी
