रतिया, 27 जुलाई:- हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के तहत पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से रविवार को बीडीपीओ कार्यालय, रतिया में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला आयोजित किया गया। मेले में दोपहर तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए 1050 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को जाना और उन्हें केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), स्टैंड-अप इंडिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित केंद्र सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं के साथ-साथ हरियाणा सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले इन योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार, कौशल विकास, वित्तीय सहायता और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
सांसद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे तथा किसी भी योग्य व्यक्ति को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही अंत्योदय के संकल्प को वास्तविक रूप से साकार करेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, एसडीएम सुरेंद्र सिंह, बीडीपीओ अनिल बिश्नोई, ब्लॉक समिति चेयरमैन विकास कुमार, मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला, सुखविंदर गोयल, सुभाष खिलेरी, डॉ. प्रदीप खिलेरी, जिले सिंह बराला, डा. सुनील इंदौरा, सरपंच जसवीन्द्र सिंह, मिल्खा सिंह, अमन सिंह संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।