हांसी:- शहर में बरसाती पानी की निकासी को लेकर किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा हेतु स्थानीय जिला सचिवालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), नगर परिषद तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसाती मौसम शुरू होने से पहले शहर के सभी बरसाती नालों, सीवरेज लाइनों एवं जल निकासी तंत्र की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और पानी की निकासी सुचारू रूप से होती रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से आमजन को राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जिन स्थानों पर जलभराव की संभावना रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक में नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि शहर में लगभग साढ़े छह किलोमीटर लंबाई के जल निकासी नाले हैं। इनमें से अधिकांश नालों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा केवल लगभग 800 मीटर क्षेत्र में सफाई कार्य शेष है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
इसी प्रकार अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और बरसाती मौसम से पूर्व किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने बताया कि सीवरेज लाइनों की प्रभावी सफाई के लिए प्रत्येक सप्ताह दो दिन सुपर सकर मशीन का संचालन किया जाएगा, जिससे सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों तथा जल निकासी से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर बरसात के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जल निकासी कार्य प्रभावित न हो।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य पूर्ण करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें, जिससे आगामी बरसाती मौसम के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी, नगर परिषद ईओ राजेंद्र सोनी,अशोक ढालिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।