हरोली/ऊना, 6 अगस्त (राजवीर चोपड़ा):- शिमला जिले के मशोबरा में नेस्ले इंडिया के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत स्थापित ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री अनिरुद्ध सिंह भी उपस्थित रहे।
नेस्ले इंडिया ने इस ई-लाइब्रेरी के लिए 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर तथा आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया है। माशोबरा के ब्लॉक विकास कार्यालय (बीडीओ) में स्थापित यह पुस्तकालय सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा और विद्यार्थियों सहित स्थानीय लोगों को डिजिटल शिक्षा एवं अध्ययन की आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और जागरूकता एक प्रगतिशील समाज की नींव हैं तथा पुस्तकालय इन दोनों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस पहल के लिए नेस्ले इंडिया के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकों और डिजिटल तकनीक का यह समन्वय ज्ञान, जिज्ञासा और अवसरों को बढ़ावा देगा।
नेस्ले इंडिया के कॉर्पोरेट अफेयर्स, सस्टेनेबिलिटी एवं सीएसआर निदेशक हिम्मत सिंह ने कहा कि समुदायों को सशक्त बनाना कंपनी की प्रमुख सीएसआर प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके अनुसार, पुस्तकालय केवल एक भवन नहीं बल्कि ज्ञान, अवसर और जागरूकता का केंद्र है, और नेस्ले भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहलों के माध्यम से राज्य के विकास में योगदान देता रहेगा।
इस अवसर पर नेस्ले इंडिया के सीनियर मैनेजर कॉर्पोरेट अफेयर्स जयदीप, मीडिया संबंध प्रबंधक अमित कुमार रॉय तथा अंबरीन अली शाह भी मौजूद रहे।