टाहलीवाल/हरोली,  7 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- विधानसभा क्षेत्र हरोली के गोंदपुर जयचंद से सटे गांव मेहिन्दवानी गुजरान में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। जिससे पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया। थाना गढ़शंकर के अंतर्गत आने वाले इस गांव में अज्ञात हमलावर ने मोटरसाइकिल पर आकर एक बुजुर्ग महिला पर गोलियां चला दीं। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 62 वर्षीय रचना देवी, पत्नी शाम लाल, रोज़ाना की तरह सुबह एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने गई थीं। पूजा-अर्चना के बाद जब वह घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि महिला को तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। 
घटना की सूचना मिलते ही गढ़शंकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल गढ़शंकर में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति शाम लाल पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इस संबंध में चौकी प्रभारी बीनेवाल एएसआई ओंकार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस आपसी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।