हांसी:– पीसीएसडी विद्यालय के संस्थापक एवं निर्माता श्योप्रसाद की 121वीं जयंती गुरुवार को विद्यालय प्रांगण में सादगी, श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। समारोह में उपायुक्त राहुल नरवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दानवीर सेठ श्योप्रसाद के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को नमन किया तथा विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा का महत्व समझाते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।
समारोह का शुभारंभ उपायुक्त राहुल नरवाल ने दानवीर सेठ शयो प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ किया। इसके उपरांत उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि किसी भी देश, प्रदेश और समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार शिक्षा होती है। शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम ही नहीं, बल्कि एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसे प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ें। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रसिद्ध कथन "शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो जितना पिएगा, उतना ही दहाड़ेगा" का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। हरियाणा सरकार भी शिक्षा के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है ताकि प्रत्येक विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सके।
उपायुक्त ने कहा कि दानवीर सेठ श्योप्रसाद दूरदर्शी सोच वाले महान समाजसेवी थे। उन्होंने लगभग सात दशक पहले उस समय शिक्षा के महत्व को समझते हुए पीसीएसडी विद्यालय की केवल स्थापना ही नहीं की, बल्कि निर्माण भी करवाया। उनके प्रयासों से स्थापित इस शिक्षण संस्थान ने समाज को अनेक ऐसे विद्यार्थी दिए हैं जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर हांसी, हरियाणा और देश का नाम गौरवान्वित किया है। ऐसे महान व्यक्तित्व सदैव समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
जयंती समारोह के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की वंदना से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का भरपूर उत्साहवर्धन प्राप्त किया।
समारोह में विद्यालय पहुंचने पर उपायुक्त राहुल नरवाल का आयोजन समिति के सदस्यों ने पुष्पमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर अग्रवाल विकास ट्रस्ट के प्रधान विनय जैन, सतपाल खांडेवाला, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र अत्री, विद्यालय की प्राचार्य उर्मिला शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।