हांसी:– पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के निर्देशानुसार डीएसपी मुख्यालय हांसी विनोद शंकर ने अपने कार्यालय में जिले के सभी थाना प्रबंधकों एवं पुलिस चौकी प्रभारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण, जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग, मीडिया समन्वय तथा थाना स्तर पर प्रभावी कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएसपी विनोद शंकर ने कहा कि प्रत्येक थाना अपने क्षेत्र के सक्रिय एवं असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखे तथा उनकी गतिविधियों का नियमित विश्लेषण किया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रभावशाली नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित किया जाए l
बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन के साथ बेहतर व्यवहार, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा त्वरित शिकायत निस्तारण को प्राथमिकता दें।
इसके अलावा बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, समुदाय आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने, वरिष्ठ नागरिकों एवं संवेदनशील वर्गों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएसपी विनोद शंकर ने सभी थाना प्रबंधकों एवं पुलिस चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।