भट्टूकलां (फतेहाबाद ), 6 जून:- जिले को नशामुक्त बनाने और युवा पीढ़ी को बर्बादी के दलदल से बाहर निकालने के लिए चलाई जा रही मुहिम अब तेज हो गई है। इसी कड़ी में युवाओं को खेलों व शिक्षा से जोडऩे और नशा तस्करों के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली ‘नशामुक्ति सेना’ का कारवां शनिवार को राजस्थान सीमा से सटे भट्टू क्षेत्र में पहुंचा। नशामुक्ति सेना के संयोजक भवानी सिंह और जिलाध्यक्ष मोहन गढ़वाल सरपंच के नेतृत्व में पहुंची टीम का यहां विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। 
इस दौरान क्षेत्र की तमाम सामाजिक संस्थाओं के साथ एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भट्टू में नशामुक्ति सेना के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मौजूद सभी संगठनों ने इस मुहिम को अपना खुलकर समर्थन दिया और एकजुट होकर नशे के खिलाफ जंग लडऩे का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए नशामुक्ति सेना के संयोजक भवानी सिंह ने कहा कि राजस्थान की सीमा से सटे होने के कारण भट्टू क्षेत्र में पिछले कुछ समय से नशा तस्करों की सक्रियता काफी बढ़ गई है। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि अगर आज हमारी सामाजिक संस्थाएं और आमजन जागरूक होकर एकजुट नहीं हुए, तो हमारी आने वाली पीढ़ी नशे की भेंट चढ़ जाएगी। 
हमारा मकसद केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से उन सफेदपोश तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाना है जो चंद पैसों के लिए युवाओं की जिंदगी से खेल रहे हैं। हमें गाँव-गाँव जाकर युवाओं को खेलों और अच्छी शिक्षा की तरफ मोडऩा होगा ताकि उनका ध्यान भटके ही नहीं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही भट्टू क्षेत्र के लिए नशामुक्ति सेना की एक मजबूत इकाई का गठन किया जाएगा, जो धरातल पर उतरकर नशे के खिलाफ काम करेगी।
इस बैठक में क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से गर्व सैनिक संगठन से दिनेश माचरा, सहारा एक उम्मीद संस्था से नरेन्द्र कुमार लूणा,
खुशी एक उम्मीद संस्था से प्रमोद गोयल व गोपाल, व्यापार मंडल प्रधान प्रमोद गोयल के अलावा सतबीर दुपका, रविन्द्र ढाका, अनिल नंबरदार, देवेन्द्र बाना, हरपाल बैनीवाल, बंसीलाल गुज्जर, राजेन्द्र दुपका, अनूप सरपंच, पारस सिंगला, नरेश बनगांव, कृष्ण पारचा, अनिल ठाकुर, राजेश भाम्भू, कुलदीप हिजरावां, रामचन्द्र, सुभाष हिजरावां, रमेश ढाका, नरेन्द्र कुमार, संदीप ढाका रामसरा, हनुमान ढाका, राजेश, मोहित, नवीन सहित इलाके के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे और सभी ने इस मुहिम को सफल बनाने की शपथ ली।