नवांशहर- मोहल्ला गुरु तेग बहादर नगर, नवांशहर की कामरेड वाली गली में सीवरेज व पीने के पानी की समस्या के समाधान को लेकर मोहल्ला निवासियों ने 7 मार्च को नगर कौंसिल नवांशहर के कार्यालय का घेराव करने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। आज सुबह ही नगर कौंसिल नवांशहर ने सीवर पाइपों की सफाई के लिए मशीनें व कर्मचारी भेज दिए, जबकि वाटर सप्लाई लीकेज को दूर करने के लिए कल से ही काम चल रहा है।
मोहल्ला निवासी अपनी देखरेख में काम करवा रहे हैं। इस मुहिम का नेतृत्व कर रहे कुलविंदर सिंह वड़ैच ने कहा कि नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी को कई दिन पहले अवगत करवाया गया था, लेकिन इसका समाधान देरी से हुआ। वह भी धरने के डर से।
उन्होंने मोहल्ला निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष ही एकमात्र कारगर उपाय है। हमें इसके लिए तैयार रहना चाहिए। इस अवसर पर ऑटो यूनियन के जिला अध्यक्ष पुनीत बछौरी, हरमिला सहित अन्य मोहल्लावासी भी मौजूद थे।
गंदे पानी की निकासी की समस्या के समाधान को लेकर नगर कौंसिल कार्यालय के समक्ष धरना रद्द
