होशियारपुर- होशियारपुर नगर निगम सदन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज महापौर सुरिंदर कुमार की अध्यक्षता में हुई, जिसमें शहर के विभिन्न विकास कार्यों और कर्मचारियों से संबंधित सेवा मामलों को मंजूरी दी गई। इस बैठक में नगर निगम आयुक्त ज्योति बाला मट्टू, वरिष्ठ उप महापौर प्रवीण लता सैनी, निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति के अध्यक्ष बलविंदर कुमार बिंदी, वार्ड नंबर 10 के पार्षद और मार्केट कमेटी के अध्यक्ष जसपाल सिंह चेची भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा, नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने बैठक में भाग लिया और अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
महापौर ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसके तहत घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने, उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण करने और पिप्पलवाला स्थित मुख्य प्रसंस्करण केंद्र तक पहुंचाने का काम अब एक निजी एजेंसी को सौंपा जाएगा। 
इससे शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से निजात मिलेगी। महापौर ने बताया कि देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में ग्रीन व्यू पार्क में सेना का एक टैंक स्थापित किया जाएगा, जो न केवल सैन्य जज्बे को सलाम होगा, बल्कि पार्क की सुंदरता को भी बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने विभिन्न ट्यूबवेलों की रीबोरिंग के लिए 167.46 लाख रुपये के व्यय को मंजूरी दी है।
 इसके अलावा, अमृत-2 योजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति लाइनें बिछाने के लिए 7.10 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। महापौर सुरिंदर कुमार ने बताया कि नगर निगम ने जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था के रखरखाव के लिए 2323.41 लाख रुपये के व्यय को मंजूरी दी है। इसके अलावा, बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए शहर की गलियों व मोहल्लों में पानी भरने से रोकने के लिए विभिन्न नालों की सफाई के लिए 9.87 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मेयर सुरिंदर कुमार ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह सदन बैठक इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त संदीप तिवारी, एसई सतीश कुमार सैनी, इंजीनियर हरप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह, नगर निगम के टाउन प्लानर लखवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।