होशियारपुर:- “हमारे गांवों में लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं और जनसुविधाएं होनी चाहिए। विकास हर गांव तक पहुंचना चाहिए और यह विकास लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार होना चाहिए,” यह बात चब्बेवाल के विधायक डॉ. इशांक कुमार ने होशियारपुर स्थित बी.डी.पी.ओ. कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान कही। इस मीटिंग में DDPO संदीप सिंह, BDPO माहिलपुर कंवलजीत सिंह, BDPO होशियारपुर-2 पलविंदर सिंह भी शामिल हुए।
 विधायक डॉ. इशांक कुमार ने चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए जारी की जा रही 5 करोड़ रुपये की ग्रांट के सम्बन्ध में बी.डी.पी.ओ. अधिकारियों, गांवों के सरपंचों, पंचों तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक की।
डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि इस ग्रांट का उपयोग विभिन्न गांवों की जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुसार विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इसके तहत गलियों, नालियों और सीवरेज, स्टेडियम, खेल मैदान, धर्मशालाओं, कम्युनिटी हॉल, पार्क, झूले, ओपन जिम, जिम उपकरण, तालाबों की चारदीवारी, पुलियों, पीने वाले पानी के लिए ट्यूबवेल तथा अन्य जरूरी सार्वजनिक बुनियादी ढांचे से संबंधित कार्य करवाए जाएंगे। इसके अलावा लोगों के लिए अन्य सामुदायिक सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा।
 बैठक के दौरान विभिन्न गांवों में करवाए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस बात पर जोर दिया गया कि उपलब्ध फंड का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिल सके। विधायक डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। पार्कों, कम्युनिटी हॉल, ओपन जिम और खेल सुविधाओं जैसे प्रोजेक्ट गांवों के लोगों के जीवन स्तर और सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि 5 करोड़ रुपये की यह ग्रांट चब्बेवाल हलके के गांवों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए महत्तवपूर्ण है।   उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए हलके में विकास की प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. इशांक कुमार ने चब्बेवाल हलके के लोगों की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह पूरी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी के साथ हलके के लोगों की सेवा करते रहेंगे।