नवांशहर/बलाचौर- मानसून के मौसम को देखते हुए तथा तटबंध को सतलुज नदी में पानी के बहाव से सुरक्षित रखने के लिए डिप्टी कमिश्नर अंकुरजीत सिंह ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ बलाचौर सब-डिवीजन में नदी के तटबंध का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल माजरा में चल रहे पत्थर बिछाने के कार्य को 15 जुलाई तक पूरा किया जाए।
डिप्टी कमिश्नर अंकुरजीत सिंह ने रेल माजरा परिसर का दौरा कर जायजा लेते हुए उप-मंडल मजिस्ट्रेट को पत्थर बिछाने के कार्य की प्रगति की नियमित जानकारी लेने के निर्देश दिए ताकि यह कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
अधिकारियों ने डिप्टी कमिश्नर को बताया कि रेल माजरा परिसर में सतलुज नदी के तटबंध पर दो स्थानों पर पत्थर बिछाने का कार्य चल रहा है, जिस पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने से तटबंध को नई मजबूती मिलेगी तथा आसपास के गांवों को बाढ़ की स्थिति से राहत मिलेगी।
उपायुक्त ने रेल माजरा चौ का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौ में पानी का बहाव किसी भी हालत में नहीं रुकना चाहिए ताकि आसपास के गांवों के निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। काठगढ़ चौ की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने नहरी विभाग के अधिकारियों को कहा कि वे अगले 10 दिनों में चौ की सफाई करवाएं ताकि पानी के बहाव की निरन्तरता को और अधिक सुचारू बनाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि चौ से रेत निकालने का कार्य जल्द ही शुरू किया जा रहा है जो अगले दो सप्ताह में पूरा हो जाएगा तथा इससे सरकार को उचित राजस्व भी प्राप्त होगा। उन्होंने टोंसा चौ का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अंकुरजीत सिंह ने गांव औलियापुर पहुंचकर तटबंध की सुरक्षा के लिए स्टोन स्टड कार्य के प्रस्ताव पर अधिकारियों से चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि 70 लाख रुपए की लागत से होने वाले इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले कुछ दिनों में टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही यह कार्य शुरू हो जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने किया सतलुज नदी के तटबंध का दौरा
