होशियारपुर- डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में आयोजित मासिक बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की तथा राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को राजस्व विभाग से संबंधित वसूली के मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने डिफाल्टरों की सूची तैयार कर तुरंत कार्रवाई करने तथा बकाया राशि के मामलों का निपटारा करने के भी निर्देश दिए। डिप्टी कमिश्नर ने जिले के एसडीएम दफ्तरों व तहसील दफ्तरों के बुनियादी ढांचे की स्थिति तथा जन समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की।
उन्होंने कहा कि लोगों को आवश्यक नागरिक सेवाएं समय पर मुहैया करवाने के साथ-साथ जन समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। डिप्टी कमिश्नर ने सभी अधिकारियों से जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा कहा कि हर क्षेत्र में लोगों को इन योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जी) राहुल चाबा, एसडीएम होशियारपुर संजीव कुमार शर्मा, एसडीएम टांडा पंकज कुमार, एसडीएम गढ़शंकर हरबंस सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की
