रतिया, 17 जून- संयुक्त कर्मचारी मोर्चा एवं ऑल इंडिया फोरम फॉर द राइट टू एजुकेशन से संबद्ध डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर्स एसोसिएशन हरियाणा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश चेयरमैन धर्मेंद्र ढांडा के नेतृत्व में हरियाणा सिविल सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री Aarti Rao से मुलाकात कर शिक्षकों एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया कि हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 7 जून 2024 को जारी अधिसूचना के तहत राज्य कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया था। इसके तहत बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने आयुष्मान कार्ड भी बनवा लिए हैं, लेकिन यह व्यवस्था अभी तक पूरी तरह से लागू नहीं हो सकी है। संगठन ने मांग की कि उक्त अधिसूचना को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए ताकि कर्मचारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के आश्रितों के मेडिकल रीइम्बर्समेंट बिलों के भुगतान के लिए निर्धारित आय सीमा बढ़ाने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान आय सीमा बेहद कम है और इसे बढ़ाकर कम से कम 2.40 लाख रुपये वार्षिक किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सरकार स्तर पर पहले भी सकारात्मक पहल की जा चुकी है तथा संबंधित फाइल 12 मार्च 2026 को वित्त विभाग से परिवार कल्याण विभाग को भेजी जा चुकी है। इसलिए इस मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।
संगठन ने यह भी मांग की कि वृद्धावस्था पेंशन, जो एक मानदेय स्वरूप सहायता राशि है, उसे आय में शामिल न किया जाए। प्रतिनिधियों के अनुसार परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में वृद्धावस्था पेंशन को आय के रूप में दर्शाए जाने के कारण कई कर्मचारियों के मेडिकल बिलों पर अनावश्यक आपत्तियां लगाई जा रही हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब की तर्ज पर हरियाणा के शिक्षकों को भी अन्य कर्मचारियों की तरह मेडिकल अवकाश (मेडिकल लीव) की सुविधा प्रदान करने की मांग की।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और आश्वासन दिया कि इन मांगों पर जल्द ही उचित विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के राज्य ऑडिटर सुनील गोयल, पंचकूला से राजेश शर्मा, फरीदाबाद से रविंदर कुंडू तथा डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर्स एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।
शिक्षकों की स्वास्थ्य संबंधी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मिला डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल
