हरोली/ऊना, 9 जून (राजवीर चोपड़ा):- तप स्थल श्री खुरालगढ़ साहिब तक रेल सेवा शुरू करने और इसे रेल मार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर बाबा केवल सिंह जी श्री खुरालगढ़ साहिब वालों ने केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि रेल जंक्शन भानुपल्ली से तप स्थल श्री खुरालगढ़ साहिब की दूरी मात्र 12 किलोमीटर है, इसलिए इस महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल को भानुपल्ली रेल जंक्शन से रेल मार्ग के माध्यम से जोड़ा जाना चाहिए।
बाबा केवल सिंह ने अपने पत्र में कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के तप स्थल श्री खुरालगढ़ साहिब में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह स्थान रविदास समाज और अन्य श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह मांग केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखी गई है, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली संगत को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उन्हें तप स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
