फतेहाबाद, 4 फ़रवरी:- नशे के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान चला रहे महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट ने देश में बढ़ते नशे के कारोबार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह के नेतृत्व में इस मामले एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त विवेक भारती से मिला और उन्हें पीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पीएम से नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और कानूनों में बड़े बदलाव करने तथा आयुष्मान योजना के तहत नशा पीडि़तों के इलाज की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
पीएम को लिखे पत्र में ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह ने कहा है कि हरियाणा का रतिया क्षेत्र, जो पंजाब सीमा से सटा है, नशे की समस्या से अत्यंत गंभीर रूप से प्रभावित है। चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 1-2 वर्षों में केवल शहर के वार्ड नंबर 4 में ही नशे के कारण 64 युवाओं की मृत्यु हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, जिलेभर में हजारों युवा इस लत के कारण अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। भवानी सिंह ने पत्र में कहा कि नशे का यह बढ़ता कारोबार मात्र एक अपराध नहीं, बल्कि भारत को भीतर से खोखला करने की एक गहरी विदेशी साजिश है।
उन्होंने हालिया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए कहा कि जब शत्रु देश सामने से नहीं लड़ पा रहे, तो वे युवाओं को नशे की ओर धकेलकर देश की नींव कमजोर कर रहे हैं। इस कार्य में कुछ स्थानीय तत्व भी शामिल हैं जो सीमा पार से तस्करी में मदद कर रहे हैं। महाशष्ठिह्म् चैरिटेबल ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री से नशा तस्करों पर कठोर कदम उठाने का आग्रह करते हुए मांग की है कि नशा तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा चलाया जाए।
नशा कारोबार को सामान्य अपराध के बजाय देशद्रोह की श्रेणी में शामिल किया जाए। ऐसे अपराधियों के लिए आजीवन कारावास जैसे कड़े प्रावधान किए जाएं ताकि समाज में इस जहर को दोबारा फैलने से रोका जा सके। ट्रस्ट के सदस्यों का मानना है कि नशा तस्करी देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने पर सीधा प्रहार है। उन्होंने विश्वास जताया है कि प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में भारत इस ‘आंतरिक युद्ध’ को निश्चित रूप से जीतेगा।
इस अवसर पर सरपंच मोहन गढ़वाल अकांवाली, सरपंच सुखराज बीराबद्दी, सरपंच जोगेन्द्र सिंह कुकड़ांवाली, सरपंच यादविन्द्र सिंह थेड़ी, सिटी वेलफेयर क्लब के प्रधान विनोद अरोड़ा, पंच हरीश कुमार, महेन्द्र नायक मास्टर, रजत खाण्डा, अमन राघव, गुरदीप सिंह, विक्रमजीत पंच, प्रमोद, कुलदीप हिजरावां, ब्लाक समिति मैम्बर हिजरावां, मनोज, अभिमन्यु नेहरा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
