हांसी:– भारतीय जनता पार्टी जिला हांसी के जिला महामंत्री एवं अधिवक्ता धर्मवीर रतेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के सपनों, मेहनत और प्रतिभा की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोषियों को शीघ्र न्यायिक दंड दिलाने के उद्देश्य से फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना का निर्णय युवाओं के हितों की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है।
धर्मवीर रतेरिया ने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन से पेपर लीक से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित होगा और दोषियों को शीघ्र एवं कठोर सजा मिलेगी। इससे पेपर लीक माफिया पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा युवाओं का परीक्षा प्रणाली और न्याय व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति है कि प्रत्येक मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थी को निष्पक्ष, पारदर्शी तथा भ्रष्टाचार-मुक्त परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और योग्यता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो।
धर्मवीर रतेरिया ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार भी सरकारी भर्तियों में 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' तथा पूर्णतः योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया को प्रभावी रूप से लागू कर रही है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के कारण प्रदेश के युवाओं का सरकारी नौकरियों के प्रति विश्वास लगातार बढ़ा है और योग्य अभ्यर्थियों को उनकी प्रतिभा एवं परिश्रम के आधार पर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा की डबल इंजन सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और सुशासन के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। भाजपा सरकार का उद्देश्य है कि देश और प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर आगे बढ़े तथा उसके सपनों और भविष्य की हर स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।