लालड़ू, 21 अगस्त:- नगर कौंसिल लालड़ू की अहम बैठक आज नगर कौंसिल के प्रधान श्री जोरावर सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें डेराबस्सी हलके के विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक के दौरान शहर के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक के दौरान नगर कौंसिल के अधीन आउटसोर्स के माध्यम से काम कर रहे 80 सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर करने का फैसला किया गया। इसके अलावा आलमगीर और मगरा में पीने वाले पानी की समस्या के समाधान के लिए नए ट्यूबवेल लगाने को भी मंजूरी दी गई।
इसी तरह धर्मगढ़ संपर्क सड़क के किनारे बने नाले को बंद कर वहां बड़ी सीवरेज पाइपलाइन डालने तथा नगर कौंसिल की सीमा के अंदर आने वाली धर्मगढ़ संपर्क सड़क को 20 फीट चौड़ा करने का फैसला लिया गया। नए बने बस अड्डे पर ट्रांसफार्मर लगाने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।
नगर कौंसिल के अधीन आने वाले कम्युनिटी सेंटरों की बुकिंग फीस 1100 रुपये से बढ़ाकर 2100 रुपये करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा कौंसिल के अधीन चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि लालड़ू शहर के विकास से संबंधित बाकी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक के उपरांत विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा लालड़ू में श्री गुरु रविदास भवन के निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा गया। करीब 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन संगत के लिए धार्मिक, सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
इस मौके पर नगर कौंसिल के वरिष्ठ वाइस प्रधान श्री हरीश मदान, वाइस प्रधान श्री अमन राणा, पार्षद, वार्ड इंचार्ज तथा रविदास भाईचारे के सदस्य मौजूद रहे।
80 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट पर करने का फैसला आलमगीर व मगरा में नए ट्यूबवेल लगाने को मंजूरी
