हांसी:– उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल नरवाल ने जिले के सभी पात्र शिक्षण संस्थानों को भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता साक्षरता क्लब 2.0 पहल के तहत पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस पहल की जानकारी अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाई जाए, ताकि विद्यार्थी और युवा मतदान प्रक्रिया तथा अपने मतदाता अधिकारों के बारे में जागरूक हो सकें।
राहुल नरवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम के तहत मतदाता साक्षरता क्लब की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को मतदान प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देना था। अब समय के साथ इसमें बदलाव करते हुए इसे मतदाता साक्षरता क्लब 2.0 के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। मतदाता साक्षरता क्लब 2.0 के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल मतदान के बारे में जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें मतदान प्रक्रिया को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
**विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास
उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ऐसे क्लब स्थापित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को आसानी से समझ सकेंगे। क्लबों में मतदान, मतदाता अधिकार, लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे युवा स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अन्य लोगों तक भी सही जानकारी पहुंचा सकेंगे।
राहुल नरवाल ने कहा कि डिजिटल दौर में युवाओं को निर्वाचन से जुड़ी सही और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध करवाना जरूरी है। मतदाता साक्षरता क्लब 2.0 इस दिशा में एक उपयोगी माध्यम बनेगा।
**पोर्टल और ईसीआईनेट ऐप से करवाया जा सकता है पंजीकरण
उन्होंने बताया कि पात्र शिक्षण संस्थान भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित पोर्टल के माध्यम से मतदाता साक्षरता क्लब 2.0 के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा पंजीकरण की सुविधा ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से भी उपलब्ध है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र शिक्षण संस्थानों को पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी दी जाए और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के बाद क्लबों की गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित करवाना सुनिश्चित किया जाए।
**अधिक से अधिक संस्थानों को जोड़ने के निर्देश
राहुल नरवाल ने कहा कि इस पहल का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए शिक्षण संस्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र संस्थानों को जल्द से जल्द पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए जागरूक मतदाता जरूरी हैं। युवा देश के भविष्य हैं और उन्हें मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना आवश्यक है। मतदाता साक्षरता क्लब 2.0 के माध्यम से जिले के युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जाएगा।
